प्रज्ञापाथेय
बुधवार, अगस्त 16, 2023

अपनी आत्मा को हल्का बनाने का प्रयास करना चाहिए - अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण

16.08.2023, बुधवार, घोड़बंदर रोड, मुम्बई (महाराष्ट्र), भारत की आर्थिक राजधानी मुम्बई को आध्यात्मिक रूप से सम्पन्न बनाने के लिए अपनी धवल सेना के साथ मुम्बई में चतुर्मास प्रवास कर रहे जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के ग्यारहवें अनुशास्ता, भगवान महावीर के प्रतिनिधि, अहिंसा यात्रा प्रणेता शांतिदूत आचार्यश्री महाश्रमणजी प्रतिदिन आगमवाणी के माध्यम से अध्यात्मक की गंगा प्रवाहित कर रहे हैं। सागर तट पर प्रवाहित होने वाली यह निर्मल ज्ञानगंगा जन-जन के मानस के संताप का हरण करने वाली है। इस ज्ञानगंगा में डुबकी लगाने के लिए मुम्बईवासी ही नहीं, देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। 


महातपस्वी आचार्यश्री महाश्रमणजी की मंगल सन्निधि में तपस्याओं की अनुपम भेंट भी श्रद्धालुओं ने इस प्रकार चढ़ाई हैं, जिसने तेरापंथ धर्मसंघ में एक नवीन कीर्तिमान का सृजन कर दिया है। इसके अतिरिक्त अनेकों प्रकार की तपस्याओं में रत श्रद्धालु अपने आराध्य से नियमित रूप से तपस्याओं का प्रत्याख्यान कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। 


युगप्रधान, शांतिदूत आचार्यश्री महाश्रमणजी ने बुधवार को तीर्थंकर समवसरण में उपस्थित श्रद्धालुओं को भगवती सूत्र आगम के माध्यम से ज्ञानगंगा को प्रवाहित करते हुए कहा कि भगवान महावीर की मंगल देशना के बाद श्रमणोपासिका जयंती उनके पास पहुंचती है और प्रश्न करती है कि जीवों की आत्मा किन कर्मों से भारी बनती है? भगवान महावीर ने उत्तर प्रदान करते हुए 18 चीजों को वर्णित किया, जिसके कारण जीव की आत्मा कर्मों का बंध कर भारी हो जाती है और अधोगामी बन जाती है। 18 चीजें अर्थात् अठारह पापों के कारण जीव की आत्मा गुरुता को प्राप्त करती है और पापकर्मों से भारी बनी आत्मा अधोगति की ओर जाती है। पापों से भारी आत्मा अधोगति और हल्की आत्मा ऊर्ध्वारोहण करती है। इसलिए आदमी को इन पापों से विमरण करते हुए अपनी आत्मा को हल्का बनाने का प्रयास करना चाहिए। आत्मा जितनी हल्की होगी, उतनी अच्छी सुगति की प्राप्ति हो सकती है। साधु तो सर्व सावद्य योगों का त्याग करने वाले होेते हैं, किन्तु श्रमणोपासक और श्रमणोपासिका बारहव्रत, संयम, नियम आदि का स्वीकरण के द्वारा भी अपनी आत्मा को पापों के भार से बचाने का प्रयास कर सकते हैं। गृहस्थावस्था में पूर्ण विरमण भले न हो पाए, किन्तु आत्मा जितनी हल्की होगी, उतनी ही अच्छी बात हो सकती है। कई बार त्याग-तपस्या, नियम, व्रत व संयम के द्वारा श्रमणोपासक भी एक ही जन्म के बाद मोक्षश्री का भी वरण कर सकता है। इस प्रकार भगवान महावीर ने संयमयुक्त जीवन जीने और अपनी आत्मा को पापों से बचाने की प्रेरणा प्रदान की। 


आचार्यश्री ने मंगल प्रवचन के उपरान्त गणाधिपति आचार्यश्री तुलसी द्वारा विरचित कालूयशोविलास के आख्यान क्रम को आगे बढ़ाते हुए परम पूज्य कालूगणी के भीलवाड़ा से कष्टप्रद स्थिति में विहार करते हुए गंगापुर में चतुर्मास में पधारने और वहां सेवा में रत रहने वाले संतों को न्यारा में भेजने के प्रसंगों का सरसशैली में वर्णन किया। अपने सुगुरु की वाणी से अपने पूर्वाचार्य के इतिहास का श्रवण कर श्रद्धालुजन मंत्रमुग्ध नजर आ रहे थे। अनेक तपस्वियों को आचार्यश्री ने उनकी धारणा के अनुसार तपस्या का प्रत्याख्यान कराया। 

बुधवार, अगस्त 09, 2023

अनोखा है इंसानी जिस्म: जानिए मानव शरीर के हैरान करने वाले रहस्य

अनोखा है इंसानी जिस्म: जानिए मानव शरीर के हैरान करने वाले रहस्य

हमारा शरीर किसी चमत्कारी सुपर-कंप्यूटर या अनूठी फैक्ट्री से कम नहीं है, आइए जानते हैं इसके बारे में कुछ दिलचस्प बातें।

इंसानी जिस्म और मानव शरीर के रहस्य

चित्र: अद्भुत क्षमताओं और जटिल तंत्रिकाओं से बना हमारा मानव शरीर।

1. जबरदस्त फेफड़े

हमारे फेफड़े हर दिन 20 लाख लीटर हवा को फिल्टर करते हैं और हमें इस बात की भनक भी नहीं लगती। यदि फेफड़ों को पूरी तरह से फैलाया या खींचा जाए, तो ये टेनिस कोर्ट के एक बड़े हिस्से को ढंक सकते हैं।

2. ऐसी और कोई फैक्ट्री नहीं

हमारा शरीर हर सेकंड 2.5 करोड़ नई कोशिकाएं बनाता है। साथ ही, हर दिन 200 अरब से ज्यादा रक्त कोशिकाओं का निर्माण करता है। हर वक्त शरीर में 2500 अरब रक्त कोशिकाएं मौजूद होती हैं। खून की मात्र एक बूंद में ही 25 करोड़ कोशिकाएं पाई जाती हैं।

3. लाखों किलोमीटर की यात्रा

इंसान का खून हर दिन शरीर में लगभग 1,92,000 किलोमीटर का सफर तय करता है। हमारे शरीर में औसतन 5.6 लीटर खून होता है, जो हर 20 सेकेंड में एक बार पूरे शरीर का चक्कर काट लेता है।

4. धड़कन, धड़कन

एक स्वस्थ इंसान का हृदय हर दिन 1,00,000 बार धड़कता है। साल भर में यह आंकड़ा 3 करोड़ से ज्यादा पार कर जाता है। दिल का पम्पिंग प्रेशर इतना तेज होता है कि वह खून को 30 फुट ऊपर तक उछाल सकता है।

5. सारे कैमरे और दूरबीनें फेल

इंसान की आंखें एक करोड़ रंगों में बारीक से बारीक अंतर आसानी से पहचान सकती हैं। फिलहाल दुनिया में ऐसी कोई आधुनिक मशीन या कैमरा नहीं है जो हमारी आंखों का मुकाबला कर सके।

💡 क्या आप जानते हैं?

  • नाक में नेचुरल एयर कंडीशनर: हमारी नाक गर्म हवा को ठंडा और ठंडी हवा को गर्म कर फेफड़ों तक पहुंचाती है।
  • 400 किमी/घंटा की रफ्तार: हमारा तंत्रिका तंत्र इतनी तेज रफ्तार से शरीर के बाकी हिस्सों तक जरूरी निर्देश और सिग्नल पहुंचाता है।
  • बेजोड़ छींक: छींकते समय बाहर निकलने वाली हवा की रफ्तार 166 से 300 किलोमीटर प्रतिघंटा हो सकती है। आंखें खोलकर छींक मारना पूरी तरह नामुमकिन है।

6. शरीर का जबरदस्त मिश्रण

हमारे शरीर में 70 फीसदी पानी होता है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में कार्बन, जिंक, कोबाल्ट, कैल्शियम, मैग्नीशियम, फॉस्फेट, निकिल और सिलिकॉन जैसे तत्व मौजूद होते हैं।

7. बैक्टीरिया का गोदाम

हैरान करने वाली बात यह है कि इंसान के कुल वजन का 10 फीसदी हिस्सा शरीर में मौजूद बैक्टीरिया की वजह से होता है। हमारी त्वचा के महज एक वर्ग इंच हिस्से में ही लगभग 3.2 करोड़ बैक्टीरिया होते हैं।

8. ईएनटी (ENT) की विचित्र दुनिया

हमारी आंखें बचपन में ही पूरी तरह विकसित हो जाती हैं, बाद में उनमें कोई विकास नहीं होता। इसके विपरीत, हमारी नाक और कान पूरी जिंदगी धीरे-धीरे विकसित होते रहते हैं। हमारे कान लाखों आवाजों में अंतर पहचान सकते हैं और ये 1,000 से 50,000 हर्ट्ज के बीच की ध्वनि तरंगें सुन सकते हैं।

9. दांतों की मजबूती और मुंह की नमी

इंसान के दांत चट्टान की तरह मजबूत होते हैं, लेकिन शरीर के दूसरे हिस्सों के विपरीत दांत बीमार या टूटने पर खुद को दुरुस्त नहीं कर पाते। वहीं हमारे मुंह में हर दिन 1.7 लीटर लार बनती है, जो खाने को पचाने के साथ-साथ जीभ की 10,000 से ज्यादा स्वाद ग्रंथियों को नम रखती है।

10. नाखून, बाल और दाढ़ी की रफ्तार

हमारे हाथ के अंगूठे का नाखून सबसे धीमी रफ्तार से और मिडिल फिंगर (मध्यमा) का नाखून सबसे तेजी से बढ़ता है। पुरुषों में दाढ़ी के बाल सबसे तेजी से बढ़ते हैं; यदि कोई शख्स पूरी जिंदगी शेविंग न करे, तो दाढ़ी 30 फुट तक लंबी हो सकती है। इसके साथ ही, एक स्वस्थ इंसान के सिर से हर दिन औसतन 80 बाल स्वाभाविक रूप से झड़ते हैं।

11. खाने का अंबार और झपकती पलकें

एक आम इंसान अपनी जिंदगी के लगभग 5 साल सिर्फ खाना खाने में गुजार देता है। हम ताउम्र अपने वजन से 7,000 गुना ज्यादा भोजन खा चुके होते हैं। बात करें पलकों की, तो महिलाएं पुरुषों की तुलना में दोगुनी बार पलकें झपकती हैं, जो आंखों में नमी बनाए रखने के लिए जरूरी है।

12. सपनों की दुनिया और नींद का महत्व

इंसान दुनिया में आने से पहले ही, यानी अपनी मां के गर्भ में ही सपने देखना शुरू कर देता है। बच्चों का शारीरिक विकास वसंत ऋतु में सबसे तेजी से होता है। नींद के दौरान हमारा दिमाग अहम सूचनाओं को स्टोर करता है, शरीर की रिपेयरिंग करता है और इसी समय विकास के लिए जिम्मेदार सबसे महत्वपूर्ण हार्मोन्स रिलीज होते हैं।

स्त्रियां जब चली जाती हैं

केदार नाथ सिंह की एक सुंदर मार्मिक कविता :

*स्त्रियां जब चली जाती हैं*

स्त्रियां
अक्सर कहीं नहीं जातीं
साथ रहती हैं
पास रहती हैं
जब भी जाती हैं कहीं
तो आधी ही जाती हैं
शेष घर मे ही रहती हैं

लौटते ही
पूर्ण कर देती हैं घर
पूर्ण कर देती हैं हवा, माहौल, आसपड़ोस

स्त्रियां जब भी जाती हैं
लौट लौट आती हैं
लौट आती स्त्रियां बेहद सुखद लगती हैं
सुंदर दिखती हैं
प्रिय लगती हैं

स्त्रियां
जब चली जाती हैं दूर
जब लौट नहीं  पातीं
घर के प्रत्येक कोने में तब
चुप्पी होती है
बर्तन बाल्टियां बिस्तर चादर नहाते नहीं
मकड़ियां छतों पर लटकती  ऊंघती हैं
कान में मच्छर बजबजाते हैं
देहरी हर आने वालों के कदम सूंघती  है

स्त्रियां जब चली जाती हैं
ना लौटने के लिए
रसोई टुकुर टुकुर देखती है
फ्रिज में पड़ा दूध मक्खन घी फल सब्जियां एक दूसरे से बतियाते नहीं
वाशिंग मशीन में ठूँस कर रख दिये गए कपड़े 
गर्दन निकालते हैं बाहर
और फिर खुद ही दुबक-सिमट जाते हैँ मशीन के भीतर

स्त्रियां जब चली जाती हैं 
कि जाना ही सत्य है
तब ही बोध होता है
कि स्त्री कौन होती है
कि जरूरी क्यों होता है 
घर मे स्त्री का बने रहना

आप के जैसा दूसरा कोई नहीं

यदि आपने चाँद को देखा तो आपने ईश्वर की सुन्दरता देखी 
यदि आपने सूर्य को देखा तो आपने ईश्वर का तेज (बल) देखा
और
यदि आपने शीशा देखा तो आपने ईश्वर की सबसे सुंदर रचना को देखा
इसलिए खुद पर विश्वास रखो,
आप जैसे भी हो बेमिसाल हो आप के जैसा दूसरा कोई नहीं।

शाकाहारी और माँसाहारी में अन्तर

शाकाहारी और माँसाहारी में अन्तर

— एक शिक्षक का अद्भुत और तार्किक ज्ञान —

शाकाहार और प्रकृति

चित्र: प्रकृति, स्वास्थ्य और शाकाहार का गहरा संबंध।

मनुष्य मांसाहारी है या शाकाहारी है? विज्ञान और प्रकृति के नजरिए से समझने के लिए इस लेख को पूरा पढ़िए।

एक बार एक चिंतनशील शिक्षक ने अपने 10th स्टेंडर्ड के बच्चों से पूछा कि— "आप लोग कहीं जा रहे हैं और सामने से कोई कीड़ा-मकोड़ा, साँप, छिपकली, गाय-भैंस या अन्य कोई ऐसा विचित्र जीव दिख गया, जो आपने जीवन में पहले कभी नहीं देखा हो, तो प्रश्न यह है कि आप कैसे पहचानेंगे कि वह जीव अंडे देता है या बच्चे? क्या पहचान है उसकी?"

अधिकांश बच्चे मौन रहे जबकि कुछ बच्चों में बस आंतरिक खुसर-फुसर चलती रही। मिनट दो मिनट बाद फिर उस चिंतनशील शिक्षक ने स्वयं ही बताया कि— "बहुत आसान है! जिनके भी कान बाहर दिखाई देते हैं, वे सब बच्चे देते हैं और जिन जीवों के कान बाहर नहीं दिखाई देते हैं, वे अंडे देते हैं।"

पहला वैज्ञानिक तर्क: आँखों की बनावट

शिक्षक ने फिर दूसरा प्रश्न पूछा कि— "ये बताइए आप लोगों के सामने एकदम कोई प्राणी आ गया, तो आप कैसे पहचानेंगे कि यह शाकाहारी है या मांसाहारी? क्योंकि आपने तो उसे पहले भोजन करते देखा ही नहीं।" बच्चों में फिर वही कौतूहल और खुसर-फ़ुसर की आवाजें गूँजने लगीं।

शिक्षक ने कहा— "देखो भाई बहुत आसान है। जिन जीवों की आँखों की बाहर की यानी ऊपरी संरचना गोल होती है, वे सब के सब माँसाहारी होते हैं, जैसे- कुत्ता, बिल्ली, बाज, चिड़िया, शेर, भेड़िया, चील या अन्य कोई भी जीव। ठीक उसी तरह जिसकी आँखों की बाहरी संरचना लंबाई लिए हुए होती है, वे सब के सब जीव शाकाहारी होते हैं, जैसे- हिरन, गाय, हाथी, बैल, भैंस, बकरी इत्यादि।"

फिर शिक्षक ने पूछा— "बच्चों अब ये बताओ कि मनुष्य की आँखें गोल हैं या लंबाई वाली?"
इस बार सब बच्चों ने कहा— "मनुष्य की आंखें लंबाई वाली होती हैं।"
शिक्षक ने पूछा— "तो इस हिसाब से मनुष्य शाकाहारी जीव हुआ या माँसाहारी?"
सब बच्चों का एक सुर में उत्तर था— "शाकाहारी"

फिर शिक्षक ने पूछा कि बच्चों यह बताओ कि फिर मनुष्य में बहुत सारे लोग मांसाहार क्यों करते हैं? तो इस बार बच्चों ने बहुत ही गम्भीर उत्तर दिया— "अज्ञानतावश या मूर्खता के कारण।"

दूसरा वैज्ञानिक तर्क: नाखूनों की बनावट

चिंतनशील शिक्षक ने बच्चों को दूसरी बात यह बताई कि— "जिन भी जीवों के नाखून तीखे और नुकीले होते हैं, वे सब के सब माँसाहारी होते हैं, जैसे- शेर, बिल्ली, कुत्ता, बाज, गिद्ध आदि। और जिन जीवों के नाखून चौड़े और चपटे होते हैं, वे सब के सब शाकाहारी होते हैं, जैसे- गाय, घोड़ा, गधा, बैल, हाथी, ऊँट, हिरण, बकरी इत्यादि।"

"इस हिसाब से अब ये बताओ बच्चों कि मनुष्य के नाखून तीखे-नुकीले होते हैं या चौड़े-चपटे?" बच्चों ने कहा— "चौड़े-चपटे।" शिक्षक ने पूछा— "तो मनुष्य कौन से जीवों की श्रेणी में हुआ?" सब बच्चों ने कहा— "शाकाहारी।"

प्रकृति और जीव जंतु

चित्र: प्रकृति ने हर जीव की शारीरिक संरचना उसके स्वभाव के अनुकूल बनाई है।

तीसरा वैज्ञानिक तर्क: पसीना और तापमान नियंत्रण

शिक्षक ने बच्चों को तीसरी महत्वपूर्ण बात बताई— "जिन भी जीवों अथवा पशु-प्राणियों को पसीना आता है, वे सब के सब शाकाहारी होते हैं, जैसे- घोड़ा, बैल, गाय, भैंस, खच्चर आदि। जबकि माँसाहारी जीवों को पसीना नहीं आता है; इसलिए कुदरती तौर पर वे जीव अपनी जीभ निकाल कर लार टपकाते हुए हाँफते रहते हैं और इसी प्रकार वे अपने शरीर की गर्मी को नियंत्रित (Adjust) करते हैं।"

"तो बच्चों, प्रश्न यह उठता है कि मनुष्य को पसीना आता है या मनुष्य जीभ से अपने तापमान को एडजस्ट करता है?"
सभी बच्चों ने एक साथ कहा— "मनुष्य को पसीना आता है।"
शिक्षक ने मुस्कुराकर कहा— "तो इस बात से भी मनुष्य कौन सा जीव सिद्ध हुआ?" सबने कहा— "शाकाहारी।"

नैतिक और बौद्धिक ज्ञान की आवश्यकता

सभी लोग, विशेषकर अहिंसा, सनातन धर्म, संस्कृति और परंपराओं में विश्वास करने वाले, बच्चों को नैतिक-बौद्धिक ज्ञान देने के लिए बातचीत की इस शैली को विकसित कर सकते हैं। इससे बच्चे जो कुछ भी समझेंगे और सीखेंगे, वह उन्हें जीवनभर याद रहेगा और पढ़ते वक्त वे बोर भी नहीं होंगे।

एक आवश्यक सीख: बच्चे अगर बड़े हो जाएं तो उन्हें यह भी बताएं कि कैसे शाकाहारी मनुष्य जानकारी के अभाव में मांसाहार का उपयोग करता है और तर्क देता है कि जब अन्न नहीं उपजाया जाता था, तब मनुष्य मांसाहार का सेवन करते थे। यह सोचना सरासर गलत है; आदिम काल में भी मनुष्य कंद-मूल एवं फलों पर जीवित रहते थे, जो पूरी तरह सही है और मनुष्य की शारीरिक संरचना तथा स्वभाव से मेल भी खाता है।
🌿 प्रकृति की ओर लौटिये तथा ईश्वर से सच्चे अर्थों में जुड़िये 🌿